रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
चार गांवों में बनेंगे महतारी सदन
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं सामूहिक रूप से विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर सकेंगी और आपसी संवाद के साथ स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ा सकेंगी।
चार गांवों में सामुदायिक भवनों का निर्माण
मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
पुलिया निर्माण और सीसी सड़क का लोकार्पण
ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। वहीं, पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। सड़क और पुलिया निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
गांवों का विकास प्रदेश की समृद्धि का आधार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है। विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। अब महतारी सदनों के जरिए महिलाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
