रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 27 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा तथा बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने का निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ काम शुरू किया है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया था। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रहा विकास
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में, जहां पहले विकास कार्य पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव और अंचल तक विकास पहुंचाना तथा नागरिकों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।
144 गांवों तक पहुंचेगी सेवा संवाद यात्रा
मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभ की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना महत्वपूर्ण है। ग्राम चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। सेवा संवाद यात्रा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुक्तेश्वर महादेव मंदिर और मंगल भवन के निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक अनुज शर्मा की मांग पर ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी, वहीं मंगल भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
सिंचाई कार्यों पर खर्च होंगे करीब 14 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपये तथा जल संसाधन विभाग, तिल्दा के अंतर्गत 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सिंचाई से संबंधित इन कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
सड़क विकास के लिए 4.56 करोड़ रुपये के कार्य
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी तथा आवागमन सुविधाजनक बनेगा।
ग्रामीण अधोसंरचना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
बिजली व्यवस्था मजबूत करने 6.79 करोड़ रुपये के कार्य
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपये की लागत से विद्युत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र की बिजली अधोसंरचना मजबूत होगी तथा ग्रामीणों और किसानों को बेहतर विद्युत सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। सिंचाई, सड़क, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों का जीवन आसान होगा तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों और नई घोषणाओं से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
