रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार अलग-अलग प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर 614 कट्टा धान जब्त किया है। जब्त धान की कुल मात्रा 245.60 क्विंटल है। जांच में भंडारण संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने नगरी क्षेत्र के विभिन्न धान भंडारण केंद्रों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गोदामों में उपलब्ध धान की मात्रा, भंडारण से संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों का मिलान किया गया। जांच में निर्धारित नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने और भंडारण में अनियमितता सामने आने पर धान जब्ती की कार्रवाई की गई।
चार प्रतिष्ठानों से जब्त किया गया धान
जांच के दौरान बेलरगांव स्थित भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा यानी 32.40 क्विंटल धान जब्त किया गया।
गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल के गोदाम से 233 कट्टा यानी 93.20 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी गांव में सफीका धान कुटाई केंद्र के गोदाम से 140 कट्टा यानी 56 क्विंटल धान बरामद हुआ।
वहीं गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज के गोदाम से 160 कट्टा यानी 64 क्विंटल धान जब्त किया गया।
इस प्रकार चारों प्रतिष्ठानों से कुल 614 कट्टा धान, जिसकी मात्रा 245.60 क्विंटल है, जब्त किया गया। जब्त धान को नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया है। कार्रवाई से संबंधित प्रतिष्ठानों में भानुराम साहू, आसिफ मेमन, जावेद मेमन और जमीला बानो के नाम शामिल हैं।
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनधिकृत परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों के साथ राइस मिलों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य अनधिकृत धान को समर्थन मूल्य की खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिशों पर रोक लगाना और वास्तविक किसानों को शासन की योजना का लाभ सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें आगे भी निरीक्षण और निगरानी जारी रखेंगी, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और किसान हितैषी बनी रहे।
