रायपुर। बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में हुआ। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इस विषय के अंतर्गत बाल वैज्ञानिक पर्यावरण, समाज और विकास से जुड़ी समस्याओं पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से शोध कर अपने समाधान प्रस्तुत करेंगे।
उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक खोजों की बुनियाद है मौलिक विज्ञान
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आईआईआईटी के कुलपति ओ.पी. व्यास ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले नए अनुसंधान एवं आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि आज एआई की मदद से विभिन्न सवालों के जवाब आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं, लेकिन सही, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना अधिक महत्वपूर्ण है। बेहतर प्रश्न ही नए समाधान और वैज्ञानिक खोजों का रास्ता खोलते हैं। उन्होंने बच्चों को नई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने तथा अपनी मौलिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। विशेषकर 10 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बहुमुखी विचारों और नवाचार की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने और नए प्रयोग करने के अवसर देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसका अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें शोध परियोजनाएं
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान खोजने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
33 जिलों से 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने कराया पंजीयन
इस वर्ष राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों से 4,228 समूहों के कुल 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराया है। अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अवसर मिला है।
प्रत्येक जिले से चयनित पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपनी शोध परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण करेंगे। विषय विशेषज्ञों द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा और राज्य स्तर पर चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने का मंच
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है।
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद आयोजित होने वाली यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है। उद्घाटन समारोह में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर केशवकांत साहू, विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
