रायपुर, 19 नवंबर 2026। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों के बलिदान को देशभर में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। जनजातीय महानायकों का संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति भारत के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। यह दिवस पूरे देश को जनजातीय वीरों के योगदान को याद करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।
यह बात वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जशपुर के सरना एथेनिक रिजॉर्ट, बालछापार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। समारोह में उन्होंने जनजातीय समाज के वीर शहीदों के परिजनों और विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
जनजातीय समाज के सम्मान और सशक्तिकरण को मिल रही प्राथमिकता
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। इसी तरह जनजातीय समाज के बेटे विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर अंचल की मिट्टी से आते हैं, जो पूरे जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने लगभग दो दशक तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व किया और अपने सहज, सरल तथा जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व से लोगों के बीच पहचान बनाई।
जशपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क विकास को मिल रही गति
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है तथा भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जशपुर को रेल सुविधाओं से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना भी अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है।
उन्होंने कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर निर्माण और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल निर्माण को क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण पहल बताया।
युवाओं से बड़े सपने देखने और मेहनत करने की अपील
ओपी चौधरी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए बड़े सपने देखना, लक्ष्य निर्धारित करना और पूरी लगन से मेहनत करना जरूरी है। प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर छोटे गांव का विद्यार्थी भी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रयास विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, मेडिकल, सीए और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। जशपुर में विकसित हो रहा नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा जनजातीय विकास विभाग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए साढ़े तीन से चार लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है।
अपने जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं छोटे से गांव से निकलकर महज 22 वर्ष की उम्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककलाएं और जीवन मूल्य देश की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत हैं। भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों के संघर्ष और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
समारोह में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने जनजातीय लोककला को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक सांस्कृतिक दल को स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की।
विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख गीत से वीरों को किया याद
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और देश-समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने स्थानीय कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत और शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय महानायकों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी।
पहाड़ी कोरवा समुदाय और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बेटियों का सम्मान
समारोह में वित्त मंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया और उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 और अंडर-19 क्रिकेट टीमों में चयनित जशपुर जिले की बेटियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जशपुर की बेटियां शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और उनकी उपलब्धियां जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना के चेक वितरित
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। श्रीमती शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये, जबकि श्रीमती सुमित्रा बेसरा और श्रीमती बंधनी बाई को दो-दो लाख रुपये के चेक दिए गए। वित्त मंत्री ने महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, पद्मश्री जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
