रायपुर, 19 नवंबर 2026। देश की राजधानी नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
सात पारंपरिक लोकनृत्यों से दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य शामिल हैं। कलाकार पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत के साथ इन नृत्यों की प्रस्तुति देंगे।
इन लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। गौर नृत्य जहां बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाता है, वहीं गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों की पहचान हैं।
इसी तरह राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक परंपरा, सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक विरासत और करमा नृत्य जनजातीय जीवन एवं प्रकृति से जुड़े उल्लास को प्रदर्शित करेगा।
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की कला और हस्तशिल्प का भी प्रदर्शन
राज्य दिवस समारोह के साथ भारत मंडपम में लगाए गए छत्तीसगढ़ के पवेलियन में भी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इसके अलावा कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा की पहचान प्रस्तुत की जा रही है। चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी लोगों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता से रूबरू करा रहा है। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार एवं नए उत्पाद छत्तीसगढ़ में स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं को सामने रख रहे हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को मिलेगी पहचान
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचने वाले देश-विदेश के आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोक परंपराओं, कला और संस्कृति से परिचित कराना है।
इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमिता की क्षमता को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।
राज्य दिवस समारोह की प्रमुख जानकारी
- दिनांक: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
- समय: शाम 5 बजे से
- स्थान: एम्फी थिएटर-01, भारत मंडपम, नई दिल्ली
- मुख्य अतिथि: राज्यपाल रमेन डेका
- अध्यक्षता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- प्रमुख प्रस्तुतियां: गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य।
