छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) की भर्ती परीक्षाओं, विभागों द्वारा भेजे गए मांग पत्र (इंडेंट), वित्त विभाग से मिली भर्ती संबंधी सहमति और पूर्व में विज्ञापित पदों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अब तक हुई नियुक्तियों का विवरण भी तलब किया।
बैठक में वर्ष 2027 के लिए संभावित पदों के अधिसूचित किए जाने, सभी विभागों के भर्ती नियमों को अद्यतन करने और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को गति देने पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और नियमों को समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह एवं जेल, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, सामान्य प्रशासन, स्कूल शिक्षा, खनिज, कृषि, स्वास्थ्य और परिवहन सहित प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा छत्तीसगढ़ चयन मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
