बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बाद हिंसा की घटनाएं तेज हो गई हैं। राजधानी ढाका में गुरुवार तड़के कई स्थानों पर बम धमाके, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। वहीं, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। देश के कई हिस्सों में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों और हमलों की खबरें हैं।
ढाका में बम धमाके, कई लोग घायल
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह ढाका के कई इलाकों में बम विस्फोट, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद राजधानी के विभिन्न इलाकों में हिंसा जारी रही। पुलिस ने प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए और शहर के प्रवेश तथा निकास मार्गों पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
चटगांव में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को फूंका
चटगांव के पांचलाइश इलाके में अज्ञात उपद्रवियों ने मुहम्मद यूनुस के पैतृक आवास में आग लगा दी। इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाकर आगजनी की गई थी। इन घटनाओं को बांग्लादेश में जारी राजनीतिक तनाव के बीच एक नए घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
28 जिलों में बम धमाके और वाहनों में आगजनी
पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में बम धमाकों और वाहनों को आग लगाने की घटनाएं सामने आई हैं। ढाका में बुधवार रात प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और आग लगा दी। इन कार्यकर्ताओं के बीएनपी से जुड़े होने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा, बीएनपी के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर को भी आग के हवाले किए जाने की खबर है। दूसरी ओर, अवामी लीग के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और प्रतिबंधित पार्टी के नेताओं की पांच संपत्तियों को भी निशाना बनाया गया।
565 लोगों की गिरफ्तारी, पूर्व शिक्षा मंत्री भी हिरासत में
अवामी लीग के लॉकडाउन आह्वान से पहले ढाका में पुलिस ने 24 घंटे तक अभियान चलाकर 565 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए प्रमुख लोगों में पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके ढाका स्थित आवास से हिरासत में लिया गया।
संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। इनमें हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज जिले सहित कई संवेदनशील इलाके शामिल हैं।
हसीना को मौत की सजा के एक साल पूरे होने पर लॉकडाउन
अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान ऐसे समय किया है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा उनकी अनुपस्थिति में मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में मौत की सजा सुनाए जाने का एक साल पूरा हुआ है।
हसीना पांच अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं। छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।
तारिक रहमान ने अवामी लीग की वापसी रोकने की अपील की
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की वापसी रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और सत्ता से बेदखल फासीवादी ताकत करार देते हुए पार्टी को निर्णायक रूप से हराने का आह्वान किया।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान ने बीएनपी सांसदों से कहा कि वे अवामी लीग के कार्यकर्ताओं से निपटने के लिए केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर न रहें, बल्कि पार्टी के जमीनी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करें।
कई जिलों में राजनीतिक हिंसा में मौतें
पश्चिमी नाराइल जिले में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने बीएनपी की सड़क रैली पर हमला किया, जिसमें सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। वहीं, दक्षिण-पश्चिमी फरीदपुर और पिरोजपुर जिलों में मंगलवार और बुधवार रात हुई हिंसा में एक स्थानीय बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मचारी की भी मौत हुई।
बांग्लादेश में जुलाई से बढ़ रहा राजनीतिक तनाव
बांग्लादेश में जुलाई से राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। शेख हसीना ने मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद दिसंबर में स्वेच्छा से स्वदेश लौटकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में भी हर हाल में दिसंबर में लौटने की घोषणा दोहराई थी।
इसके बाद हिंसा की नई घटनाएं शुरू हुईं। शुरुआत हसीना के गृह क्षेत्र तुंगीपाड़ा से हुई, जहां मंगलवार को अवामी लीग समर्थक होने के संदेह में दर्जनों युवाओं को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों में बम धमाके, आगजनी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की घटनाएं सामने आने लगीं।
बांग्लादेश में मौजूदा हालात ने राजनीतिक अस्थिरता और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अवामी लीग के लॉकडाउन आह्वान के बीच लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से देश में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
