रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन, आशीर्वाद और जीवनभर का अर्जित ज्ञान समाज को सही दिशा देने का काम करता है। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठजनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उनके अनुभव और संस्कार परिवार तथा समाज को मजबूती प्रदान करते हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा रविवार को कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ‘अनुभूति’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
वरिष्ठजनों से आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने पहुंचे उप मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह ऐसा आयोजन है, जहां वे कुछ देने नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों से आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन लेने आए हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों के जीवन अनुभवों की तुलना ब्याज से करते हुए कहा कि लंबे अनुभव के बाद वे परिवार और समाज के लिए मूलधन से भी अधिक मूल्यवान हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे और आपसी मेलजोल बना रहता था, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण सामाजिक संपर्क कम होता जा रहा है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों के अनुभव और संस्कार समाज को सही दिशा दिखा सकते हैं।
30 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा सियान सदन
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा के वरिष्ठजनों के सुझाव और प्रेरणा से शहर में सियान सदन का निर्माण शुरू कराया गया है। इसके लिए लगभग 30 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। खास बात यह है कि वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सुझाए गए स्थान पर ही इसका निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सियान सदन वरिष्ठ नागरिकों के लिए आपस में मिलने-जुलने, समय बिताने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का बेहतर केंद्र बनेगा। यहां वरिष्ठजन कैरम, शतरंज खेलने के साथ अध्ययन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे।
घर से सियान सदन आने-जाने के लिए मिलेगी वाहन सुविधा
विजय शर्मा ने वरिष्ठजनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य में बैटरी से चलने वाले छोटे वाहनों की व्यवस्था करने की योजना भी साझा की। इसके तहत वरिष्ठ नागरिक फोन करके वाहन बुला सकेंगे और अपने घर से सियान सदन तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
बचपन की यादें जीवन में देती हैं खुशी और सुकून
उप मुख्यमंत्री ने परिवार और भावनात्मक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से आग्रह किया कि वे अपने बचपन की प्यारी यादों को हमेशा संजोकर रखें, क्योंकि यही यादें जीवन में प्रसन्नता और आत्मिक सुकून प्रदान करती हैं।
उन्होंने कवर्धा में प्रादेशिक सम्मेलन के आयोजन पर खुशी जताते हुए आयोजकों को बधाई दी। साथ ही सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह के सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
सम्मेलन में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, शुभंकर विश्वास, लालचंद जैन और आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
