रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर संबंधित सड़कों का निरीक्षण कराने और जल्द मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने पत्र में कहा है कि नई बनी सड़कों की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या से उन्हें अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग की सूची में शामिल सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
गारंटी अवधि वाली सड़कों की मरम्मत ठेकेदार करेंगे
मंत्री ने स्पष्ट किया है कि जिन सड़कों का निर्माण अभी गारंटी अवधि के अंतर्गत है, उनकी मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से अनुबंध की शर्तों के अनुसार कराई जाए। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू करने और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सड़कों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।
लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
लक्ष्मी राजवाड़े ने मरम्मत कार्य में देरी या लापरवाही बरतने वालों के प्रति सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि संबंधित कार्यों में लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, कलेक्टर को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी सड़कों की उपलब्धता लोगों के दैनिक आवागमन और जरूरी सेवाओं तक पहुंच के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सरकारी योजनाओं के तहत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब संबंधित सड़कों के निरीक्षण और मरम्मत की कार्रवाई पर नजर रहेगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
