पंजाब के तरनतारन में भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने मार गिराया। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी और बढ़ा दी है।
BSF अधिकारियों के मुताबिक, तरनतारन के एक बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) इलाके में रात करीब 12:30 बजे तीन संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। जवानों ने उन्हें रुकने और वापस लौटने की चेतावनी दी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे।
चेतावनी के बावजूद जब तीनों संदिग्ध भारतीय सीमा की ओर बढ़ते रहे, तो BSF जवानों ने फायरिंग की। इस दौरान दो घुसपैठिए मारे गए, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से वापस भागने में सफल रहा।
### घुसपैठ की कोशिश के बाद सुरक्षा बढ़ाई
BSF के अधिकारियों ने दोनों घुसपैठियों के मारे जाने की पुष्टि की है। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि तीनों संदिग्ध किस उद्देश्य से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
फिलहाल मारे गए दोनों घुसपैठियों की पहचान नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियां उनकी पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।
