उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इवेंट मैनेजमेंट आज तेजी से बड़े उद्योग के रूप में उभर रहा है और छत्तीसगढ़ में इस क्षेत्र के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं। देशभर से आए इवेंट मैनेजर्स के लिए प्रदेश की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर है।
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को रायपुर में आयोजित ‘इकॉन-2026’ इवेंट एंड एंटरटेनमेंट कॉन्क्लेव में शामिल हुए। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे इवेंट मैनेजर्स और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच है।
Tourism in Chhattisgarh: पर्यटन को मिला उद्योग का दर्जा
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश की नई औद्योगिक नीति में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मैरिज डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के प्रयासों से इस क्षेत्र को और बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों से आए इवेंट मैनेजर्स और मेहमानों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा कर यहां की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को करीब से समझने की जरूरत है।
Event Industry: नवाचार से पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कई ऐसे पर्यटन और सांस्कृतिक स्थल हैं, जिन्हें देश और दुनिया तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इवेंट मैनेजमेंट उद्योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कॉन्क्लेव में शामिल प्रतिभागियों से अपने अनुभव साझा करने और नए अवसरों पर मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नवाचार से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
