वनांचल के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन तीनों सड़कों की कुल लंबाई 15.40 किलोमीटर है।
भूमिपूजन के तहत मुड़घुसरी-ठाकुरटोला मार्ग 3.30 किलोमीटर, ठाकुरटोला-बांटीपथरा मार्ग 4 किलोमीटर और सिंघारी-पांडातराई मार्ग 8.40 किलोमीटर लंबाई में बनाया जाएगा। इन मार्गों के निर्माण और सुधार से बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। बेहतर सड़कें न केवल ग्रामीणों के आवागमन को आसान बनाती हैं, बल्कि क्षेत्र में विकास और आर्थिक गतिविधियों की नई संभावनाओं को भी गति देती हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा मजबूत होने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को स्कूल, अस्पताल, बाजार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक विकास कार्यों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है और शासन आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
