अंबिकापुर। सरगुजा और जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 138 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। बगीचा और लुंड्रा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर स्कॉर्पियो वाहन से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जा रहे थे। बगीचा क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो की घेराबंदी की तो आरोपियों ने वाहन को तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया। इसके बाद लुंड्रा थाना पुलिस ने वाहन का पीछा किया।
पुलिस की घेराबंदी बढ़ती देख आरोपी स्कॉर्पियो को छोड़कर करीब तीन किलोमीटर तक पैदल भागे और गन्ने के खेत में जाकर छिप गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खेत की घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाकर दो आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो वाहन से करीब 138 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराज सिंह और अजय बंसल के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है।
पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही जांच की जा रही है कि गांजा ओडिशा में कहां से लाया गया था और गाजियाबाद में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई के बाद ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी के रूट पर पुलिस निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई थाना क्षेत्रों और चेकपोस्ट को पार कर बगीचा तक पहुंचे थे। हालांकि, बगीचा में पुलिस की घेराबंदी के बाद उनकी गतिविधि सामने आई और संयुक्त टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
