सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र के ग्राम माढर में उफनती नदी के तेज बहाव में फंसे ग्रामीण को जिला प्रशासन और डीडीआरएफ की टीम ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। ग्रामीण मछली पकड़ने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया था और अपनी जान बचाने के लिए नदी के बीच स्थित एक चट्टान पर जाकर फंस गया था।
मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में फंसा ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, ग्राम माढर निवासी अशोक सोनपाकर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गए। किसी तरह खुद को संभालते हुए अशोक नदी के बीचों-बीच स्थित एक चट्टान पर पहुंच गए, लेकिन तेज बहाव के कारण वहां से बाहर नहीं निकल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही भैयाथान एसडीएम ने तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद जिला प्रशासन ने डीडीआरएफ टीम को मौके पर भेजकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
उफनती नदी में चलाया गया जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही जिला सेनानी संजय गुप्ता के निर्देश पर डीडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। उफनती नदी और तेज बहाव के बीच बचाव दल ने सूझबूझ, साहस और बेहतर समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद बचाव टीम ने चट्टान पर फंसे अशोक सोनपाकर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय पर हुई कार्रवाई से सूरजपुर में एक बड़ा हादसा टल गया।
डीडीआरएफ टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस सफल रेस्क्यू अभियान में डीडीआरएफ संयुक्त टीम प्रभारी हवलदार बीरबल गुप्ता के साथ आनंद चौबे, धनश्य नेताम, हंसलाल, देवनारायण, त्रिनेत्र सिंह, शिवनारायण सिंह, सिद्धू सिंह, रिकेश कुमार एवं विदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भारी बारिश के बीच प्रशासन ने जारी की अपील
सफल रेस्क्यू के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई स्थानों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, नालों और अन्य जल स्रोतों के आसपास जाने से बचें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासनिक अमले को सूचना देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
