महासमुंद, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश और उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने पिथौरा विकासखंड के कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राजा कृषि केन्द्र सांकरा, पटेल कृषि केन्द्र लाखागढ़ और मातृ कृषि सेवा केन्द्र टेका की जांच की गई। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करने, अवसान तिथि समाप्त हो चुके कीटनाशक दवाओं को प्रतिष्ठान में रखने, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने और निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार किसानों को बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
अनियमितताओं को लेकर संबंधित फर्मों को कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रतिष्ठान संचालकों को पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के कीटनाशी लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में सहायक संचालक कृषि डॉ. परमजीत सिंह कंवर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पिथौरा श्री बृजेश कुमार तुरकाने, कृषि विकास अधिकारी महासमुंद श्री उमेश चंद्राकर तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री ओमप्रकाश चंद्राकर और श्री भूषण साहू शामिल रहे।
