रायपुर, मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति (सीजीडी) के तहत गठित राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी क्षेत्रों में पाइपलाइन आधारित प्राकृतिक गैस वितरण के लिए अधोसंरचना विकसित करने और कार्ययोजना के तहत तेजी से काम करने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक उपयोग के लिए पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। शासकीय आवासीय कॉलोनियों, स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, अस्पतालों, हाउसिंग कॉम्पलेक्स, शासकीय संस्थानों, टाउनशिप, केंद्रीय रसोई और कैंटीनों में पीएनजी अधोसंरचना विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार, आवश्यक अधोसंरचना, विभागों के बीच समन्वय और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं सुगम गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने प्रदेश में गैस वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ प्लंबर और फील्ड टेक्नीशियन के प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास पर भी जोर दिया।
बैठक में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, परिवहन विभाग के सचिव श्री एस. प्रकाश, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, राजस्व विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड, पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन, सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल कंपनी तथा प्राधिकृत इकाई के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
