उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े 31 विकास कार्यों के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 5.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
स्वीकृत कार्यों के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, नाली, आरसीसी नाली, नाला, कलवर्ट सहित अन्य अधोसंरचना का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से वार्डों और मोहल्लों में आवागमन सुगम होगा तथा बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने नगर निगम अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ शीघ्र मिल सके।
इससे पहले भी 15वें वित्त मद से कोरबा नगर निगम क्षेत्र में अधोसंरचना के 100 कार्यों के लिए 25.95 करोड़ रुपये, पेयजल से जुड़े 15 कार्यों के लिए 7.52 करोड़ रुपये और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों के लिए 1.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
स्वीकृत प्रमुख कार्यों में विभिन्न वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण, नाला निर्माण, आरसीसी नाली, अंडरग्राउंड नाली तथा कलवर्ट निर्माण शामिल हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 5, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 14, 15, 16, 17, 18, 20, 24, 35, 36, 39, 40, 42, 43, 47, 49, 53, 54, 64, 65 और 67 के अलग-अलग क्षेत्रों के विकास कार्य शामिल हैं।
