रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने नागरिकों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए अपनी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। अब इच्छुक नागरिक घर बैठे ही वेबसाइट के माध्यम से संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकेंगे।
प्राधिकरण ने पहले चरण में कमल विहार और रावभाटा सहित विभिन्न योजनाओं की लगभग 121 आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया है। इनमें आवासीय फ्लैट, आवासीय भूखंड और व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए भी आवासीय संपत्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
नई व्यवस्था के तहत हितग्राही अब घर बैठे ही वेबसाइट के माध्यम से मेंटेनेंस शुल्क का ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे। इससे कार्यालय आने की आवश्यकता समाप्त होगी और सेवाएं अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध तथा पारदर्शी बनेंगी।
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नंदे साहू ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से बंद पड़ी बुकिंग प्रक्रिया को फिर से शुरू करते हुए उपलब्ध सभी संपत्तियों को ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है, जिससे नागरिक आसानी से बुकिंग कर सकेंगे।
प्राधिकरण के अनुसार यह पहल डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने और नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, तेज एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
