रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के प्रवास पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का स्वागत जिले की विशिष्ट पहचान ‘विष्णु भोग’ चावल से किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे इस विशेष चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया। यह चावल बिहान योजना के तहत तैयार किया जा रहा है और ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का सफल उदाहरण बन चुका है।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने डीजीपी को ‘विष्णु भोग’ चावल की गुणवत्ता, उत्पादन और विपणन की जानकारी देते हुए बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से यह पहल स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ महिलाओं की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने महिला समूहों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ‘विष्णु भोग’ चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि गुणवत्ता और परंपरा के साथ तैयार किए जा रहे ऐसे उत्पाद भविष्य में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। इससे किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिलेगा और ग्रामीण विकास को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
