मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सोमवार (6 जुलाई) को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है। हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से संचालित होंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
पुणे जिले में आईएमडी के रेड अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, मुंबई विश्वविद्यालय ने भी 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने कहा है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
लगातार हो रही बारिश से मुंबई और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर जलभराव, यातायात प्रभावित होने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। 30 जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
