New U-19 Team India : हंबनटोटा। भारत की अंडर-19 टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है, जहां दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में एक बेहद अनोखा और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला, जब भारतीय टीम की प्लेइंग-11 के सभी 11 खिलाड़ियों ने एक साथ अपना अंडर-19 वनडे डेब्यू किया।
हंबनटोटा में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया की पूरी युवा ब्रिगेड पहली बार इंटरनेशनल यूथ वनडे क्रिकेट में उतरी, जिससे यह मैच भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक खास जगह बना गया।
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ की नीली जर्सी में नई शुरुआत
इस नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा का केंद्र रहे पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़। अन्वय ने इस मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में डेब्यू किया।
अन्वय पिछले कुछ समय से घरेलू और जूनियर क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें भारत की अंडर-19 टीम में जगह मिली। उनके चयन ने एक बार फिर द्रविड़ परिवार की क्रिकेट विरासत को आगे बढ़ाने की चर्चा को जोर दे दिया है।
कप्तान यशवर्धन चौहान के नेतृत्व में उतरी नई युवा टीम
टीम की कमान यशवर्धन चौहान के हाथों में है, जो इस नई युवा टीम को लीड कर रहे हैं। पूरी प्लेइंग-11 का एक साथ डेब्यू करना क्रिकेट में बेहद दुर्लभ माना जाता है और यह भारतीय जूनियर क्रिकेट सिस्टम के नए बदलावों और प्रयोगों को भी दर्शाता है।
यह दौरा भारतीय युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका माना जा रहा है, जिसमें वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।
भविष्य के सितारों से उम्मीदें बढ़ीं
सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच दो यूथ टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। फैंस को उम्मीद है कि यह नई पीढ़ी भी भारतीय क्रिकेट की परंपरा को आगे बढ़ाएगी, जैसा कभी राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ियों ने किया था।
भारत की प्लेइंग-11
यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), यशवीर गौड़, अर्जुन राजपूत, शाविन विनोद, मोहित उल्वा, काव्य परेश पटेल और रोहित यादव.
