केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के मंगला स्थित माता चौरा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों को मिशन मोड में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि अब केवल भूमिपूजन ही नहीं, बल्कि विकास कार्यों का समयबद्ध लोकार्पण भी सरकार की कार्य संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, पेयजल और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में विधायक श्री सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
