रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, टीबी मुक्त भारत अभियान, सेवा सेतु तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से इन योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया।
उन्होंने विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश देते हुए कर्मचारी चयन मंडल के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों से भर्ती प्रक्रियाओं और पदों की स्थिति संबंधी जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह एवं जेल, विधि एवं विधायी, महिला एवं बाल विकास, वित्त, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, परिवहन, उच्च शिक्षा, नगरीय प्रशासन, पर्यटन, संस्कृति, कौशल विकास, जल संसाधन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य निष्पादन और जनहित से जुड़े कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
