विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर और नवा रायपुर के लोगों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे 35 करोड़ रुपये की लागत से बने कचना ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। करीब 8 वर्षों से इस ओवरब्रिज का इंतजार किया जा रहा था।
खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक नवा रायपुर का सबसे व्यस्त रेलवे फाटक माना जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन यात्री और मालगाड़ियों सहित लगभग 120 ट्रेनें गुजरती हैं, जिसके कारण हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता है और लंबा जाम लग जाता है। इससे वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर सहित कई क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
करीब 871 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े इस ओवरब्रिज का निर्माण 35 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह पुल खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के आगे से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जाएगा। इसके शुरू होने से शहरवासियों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अनुपम नगर से कचना जाने वाले वाहनों को श्रीराम नगर ओवरब्रिज और बीएसएनएल ऑफिस मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है, जबकि कचना से खम्हारडीह आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ अरुण साव और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
