पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा के दौरान यूएई के राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में यूएई पहुंचे हैं। अबू धाबी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी देश को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने मौजूदा तनावपूर्ण परिस्थितियों में यूएई द्वारा दिखाए गए संयम की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने दोहराया कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रयासों में हरसंभव सहयोग करेगा।
संयुक्त अरब अमीरात हाल के दिनों में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। यूएई में अमेरिका का एक प्रमुख सैन्य अड्डा भी स्थित है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए यूएई राष्ट्रपति का स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत और यूएई के बीच ऊर्जा, निवेश, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने को लेकर वे उत्साहित हैं।
भारत और United Arab Emirates के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, ऊर्जा और निवेश समेत कई क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
