रायपुर में होने वाले IPL 2026 के मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गए।
इसके बाद 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, हालांकि इस मैच के लिए अब भी कुछ टिकट उपलब्ध बताए जा रहे हैं।
मिनटों में खत्म हुए टिकट
जानकारी के अनुसार, दूसरे चरण की टिकट बिक्री शुरू होते ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 2500 रुपये से लेकर 8000 रुपये तक की कीमत वाले टिकट बेहद कम समय में बिक गए।
पहले चरण में ही स्टेडियम की फ्रंट सीटें भर चुकी थीं, जिसके कारण दूसरे चरण में अधिकतर टिकट पीछे की सीटों के लिए उपलब्ध थे। इसके बावजूद महंगे टिकट भी तेजी से बिक गए।
कालाबाजारी ने बढ़ाई परेशानी
टिकटों के सोल्ड आउट होते ही अब कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। एजेंट और दलाल टिकटों को दोगुनी कीमत पर बेच रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 3000 रुपये वाला टिकट 6000 रुपये या उससे अधिक में बेचा जा रहा है। वहीं लोअर और अपर स्टैंड के टिकट 5500 से 8000 रुपये तक पहुंच गए हैं। प्रीमियम ए और बी स्टैंड के टिकट 16 हजार रुपये तक में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है।
RCB मैचों को लेकर ज्यादा उत्साह
क्रिकेट प्रशंसकों में खासकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबलों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। यही वजह है कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के टिकट सबसे तेजी से बिके।
हालांकि 13 मई को होने वाले आरसीबी और केकेआर मैच के लिए अब तक करीब 60 प्रतिशत टिकट ही बिक पाए हैं और लगभग 40 प्रतिशत सीटें अभी भी उपलब्ध बताई जा रही हैं।
