Salman Khan Cameo Raja Shivaji: मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान की बड़े पर्दे पर वापसी हो गई है। रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में सलमान का कैमियो रोल फैंस का दिल जीतने में कामयाब रहा है। 1 मई को रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान छत्रपति शिवाजी महाराज के वफादार अंगरक्षक जिवा महाला के रोल में नजर आए हैं। फिल्म रिलीज होते ही उनका एक सीन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख फैंस का उत्साह आसमान छू रहा है।
‘था जिवा, इसलिए बच गया शिवा’ वाली कहावत को जिंदा किया
फिल्म में सलमान खान की एंट्री का सीन बेहद पावरफुल है। हाथ में तलवार लिए, बड़ी-बड़ी मूंछों और माथे पर तिलक लगाए सलमान दुश्मन पर टूट पड़ते हैं। इस सीन में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में हैं। सलमान का किरदार प्रतापगढ़ की लड़ाई में शिवाजी की जान बचाने वाले वीर योद्धा जिवा महाला का है। यही वो पल है, जिसकी वजह से प्रसिद्ध कहावत “था जिवा, इसलिए बच गया शिवा” प्रसिद्ध हुई।
फैंस का रिएक्शन: “पूरी फिल्म एक तरफ और भाई की एंट्री एक तरफ”
सलमान खान का लुक और एंट्री का वीडियो X (Twitter) पर एक फैन पेज ने शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स लिख रहे हैं, “कैमियो ऐसा हो कि पूरी फिल्म एक तरफ और भाई की एंट्री एक तरफ।” कई फैंस ने कहा कि सलमान का यह छोटा सा रोल ही फिल्म को यादगार बना गया है।
रितेश देशमुख का सरप्राइज
रितेश देशमुख ने पहले सलमान खान के कैमियो को फिल्म के लिए सरप्राइज के तौर पर रखा था। उन्होंने खुद सलमान से इस रोल के लिए अनुरोध किया था। फिल्म में सलमान का लुक और एक्टिंग को देखकर फैंस बेहद खुश हैं।
फिल्म की कहानी और अन्य कलाकार
‘राजा शिवाजी’ में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और महेश मांजरेकर भी अहम भूमिकाओं में हैं। मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों को 17वीं सदी की ऐतिहासिक घटनाओं और वीरता की कहानी दिखा रही है।
