MI vs GT IPL 2026 : अहमदाबाद। आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के सामने 200 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में तिलक वर्मा ने 45 गेंदों पर 103 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलकर मुंबई की पारी को संभाला।
मुंबई की शुरुआत खराब, फिर तिलक का तूफान
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दानिश मालेवर मात्र 10 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक 25 रन और सूर्यकुमार यादव 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जब टीम का स्कोर 44 रन था, तब नमन धीर और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी की। नमन धीर ने 32 गेंदों पर 45 रन बनाए। धीर के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हार्दिक 15 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तिलक वर्मा अंत तक टिके रहे और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर 45 गेंदों में 103 रनों की नाबाद शतकीय पारी पूरी की। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
गुजरात की गेंदबाजी
गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा ने सबसे सफल गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 विकेट मिला।
मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाए, जिससे गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य मिला है। तिलक वर्मा की शानदार पारी मुंबई की सबसे बड़ी ताकत रही।
