रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ अभियान पर निकल रही हैं। इस अवसर पर विष्णु देव साय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास में अमिता श्रीवास से मुलाकात की और उनके हौसले की सराहना की। उन्होंने बताया कि अमिता 9 अप्रैल को काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से उनका एवरेस्ट अभियान शुरू होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अभियान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं और साहस का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमिता अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से इस चुनौती को पार कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
गौरतलब है कि अमिता श्रीवास इससे पहले वर्ष 2021 में माउंट किलिमंजारो को फतह कर चुकी हैं, जो उनकी क्षमता और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अमिता का यह अभियान युवा पीढ़ी, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से अमिता को इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
