America White House : वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास रविवार तड़के फायरिंग की एक घटना हुई है। लाफायेट पार्क के पास हुई इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोली चलाने वाला व्यक्ति अभी फरार है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं और इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कई ब्लॉक बंद, तलाश जारी
पुलिस और सीक्रेट सर्विस ने संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्ति और एक वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस के आसपास कई ब्लॉक बंद कर दिए गए हैं। लाफायेट पार्क पिछले कुछ हफ्तों से मरम्मत के कारण पहले से ही बंद था और चारों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई थी।
ट्रंप व्हाइट हाउस में ही थे
जिस समय फायरिंग हुई, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। बाद में उनका काफिला मेमोरियल सर्कल के आसपास गया, जहां वे इंडिपेंडेंस आर्च बनाने की योजना पर चर्चा कर रहे थे। शाम को वे वर्जीनिया स्थित अपने ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब भी गए। उनका मुख्य कार्यक्रम व्हाइट हाउस में परिवार के साथ ईस्टर का निजी डिनर था।
दो साल पहले भी ट्रंप पर हमले की कोशिश
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप के आसपास सुरक्षा से जुड़ी घटना हुई है। जुलाई 2024 में एक रैली में उन पर गोली चलाई गई थी, जो बहुत करीब से गुजर गई। उसके बाद रयान रॉथ नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसने ट्रंप के गोल्फ क्लब के पास हमला करने की तैयारी की थी। पिछले हफ्ते भी फ्लोरिडा एयरपोर्ट पर एक संदिग्ध विमान की वजह से F-16 को अलर्ट किया गया था।
फिलहाल फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। सीक्रेट सर्विस, मेट्रोपोलिटन पुलिस और यूएस पार्क पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। व्हाइट हाउस का कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
