बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आड़ावाल की सरपंच जयंती कश्यप को ग्रामीण नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
गत 11 मार्च 2026 को यूनिसेफ द्वारा आयोजित “सशक्त पंचायत नेत्री अभियान” के तहत उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया गया, जहां केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मंत्रालय में उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 12 सरपंच मौजूद रहे, लेकिन जमीनी स्तर पर सक्रिय नेतृत्व के लिए जयंती कश्यप को विशेष सराहना मिली।
जयंती कश्यप ने अपने गांव में पेयजल प्रबंधन, स्वच्छता और साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए विकास की नई दिशा तय की है। उन्होंने निर्धन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों को सामाजिक योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उनके प्रयास उल्लेखनीय हैं। “पानी बचाओ” अभियान के माध्यम से वे ग्रामीणों को जल के समुचित उपयोग के लिए प्रेरित कर रही हैं। वेस्ट पानी का उपयोग किचन गार्डन में करना, वर्षा जल संचयन के लिए तालाब और डबरी निर्माण, साथ ही भूजल स्तर बढ़ाने के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग और सोखता गड्ढों का निर्माण जैसे कार्य गांव में तेजी से किए जा रहे हैं।
जयंती कश्यप का मानना है कि जल संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन की नींव है। उनके नेतृत्व में ग्रामीण न केवल जागरूक हो रहे हैं, बल्कि विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी भी निभा रहे हैं।
उनकी यह उपलब्धि पूरे बस्तर के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण से सीमित संसाधनों में भी बड़ा बदलाव संभव है।
