Kritika Kamra-Gaurav Kapur Wedding: मुंबई। टेलीविजन और फिल्मों की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री कृतिका कामरा ने क्रिकेट होस्ट गौरव कपूर के साथ शादी कर ली है। दोनों ने बेहद निजी और सादगी भरे समारोह में अपने रिश्ते को नया नाम दिया। इस खास मौके पर केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही मौजूद रहे।
शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा मीडिया के सामने भी आया, जहां दोनों ने मुस्कुराते हुए फोटोग्राफरों को पोज दिए और सभी का आभार व्यक्त किया।
लाल साड़ी में दुल्हन बनीं कृतिका
अपनी शादी के दिन कृतिका कामरा पारंपरिक लाल रंग की सिल्क साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। इस साड़ी के साथ उन्होंने स्लीवलेस ब्लाउज पहना, जिसने उनके ब्राइडल लुक को और भी आकर्षक बना दिया।
उन्होंने अपने लुक को सादगी के साथ सजाया। गले में चोकर और लंबा हार, कानों में मैचिंग झुमके और हाथ में कंगन उनके पूरे रूप को क्लासिक और एलिगेंट बना रहे थे। लाल साड़ी पर पतली सुनहरी बॉर्डर ने उनके ब्राइडल लुक को खास बना दिया।
गोल्डन बंदगला में दिखे गौरव कपूर
दूल्हे के रूप में गौरव कपूर भी बेहद स्टाइलिश दिखाई दिए। उन्होंने गोल्डन रंग का बंदगला सूट पहना, जिसके साथ सफेद पैंट का संयोजन किया गया था। इस परिधान में उनका अंदाज बेहद आकर्षक लग रहा था।
शादी के बाद जब दोनों मीडिया के सामने आए तो हाथों में हाथ थामे मुस्कुराते हुए पोज देते नजर आए। उनकी केमिस्ट्री और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
पैपराजी के साथ बांटी खुशी
नवविवाहित जोड़े ने केवल तस्वीरें ही नहीं खिंचवाईं, बल्कि अपनी खुशी मीडिया के साथ भी साझा की। कृतिका और गौरव ने फोटोग्राफरों को मिठाई बांटी, जिसे देखकर सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और अपनापन की तारीफ कर रहे हैं।
सितारों से सजा वेडिंग रिसेप्शन
शादी के बाद मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म और खेल जगत की कई नामी हस्तियां शामिल हुईं। समारोह में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली के साथ पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
क्रिकेटर युवराज सिंह अपनी पत्नी हेजल कीच के साथ इस समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा अभिनेता और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर भी अपनी पत्नी शिवानी के साथ इस खास मौके पर पहुंचे।
कई अन्य सितारे भी हुए शामिल
इस समारोह में अभिनेता अरुणोदय सिंह, अभिनेत्री पूजा गौर, अन्या सिंह और मलाइका अरोड़ा समेत कई चर्चित चेहरे नजर आए। क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर भी इस अवसर पर मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
गौरव ने किया जमकर डांस
पार्टी से जुड़ा एक मजेदार वीडियो सामने आया हैं जिसमें गौरव कृतिका के सामने ‘मुझसे शादी करोगी’ गाने पर जमकर डांस करते दिख रहे हैं, मोती वाले व्हाइट शेड और साटन मटीरियल में बना यह गाउन फ्लोर लेंथ था. यह गाउन एक दम फिटेड था जिससे इस आउटफिट बेहद एलिगेंट लग रहा था।
फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज
कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखा था। हाल ही में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था और अब अचानक शादी की खबर देकर फैंस को खुश कर दिया।
इस शादी की तस्वीरें और पार्टी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और प्रशंसक इस नए जोड़े को ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।
