Rinku Singh Facebook Hack: अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और ‘फिनिशर’ के नाम से मशहूर रिंकू सिंह इस बार मैदान नहीं, बल्कि साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं। अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह की आधिकारिक फेसबुक आईडी हैक कर ली गई है। हैकर्स ने न केवल अकाउंट पर कब्जा किया, बल्कि उससे होने वाली विज्ञापन आय भी अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।
व्यस्तता का फायदा उठाया
रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रिंकू इन दिनों क्रिकेट मैचों और ट्रेनिंग में बेहद व्यस्त थे। इसी दौरान उन्होंने काफी समय तक अपने फेसबुक अकाउंट को चेक नहीं किया। जब लॉग-इन करने की कोशिश की गई तो पासवर्ड काम नहीं कर रहा था। कई प्रयासों के बाद भी अकाउंट एक्सेस नहीं हो सका।
ईमेल और बैंक डिटेल बदली गई
जांच में सामने आया कि रिंकू का फेसबुक अकाउंट पहले उनकी निजी ईमेल आईडी से जुड़ा था, जिसे बदलकर एक नई कॉमर्शियल ईमेल आईडी से लिंक कर दिया गया। इतना ही नहीं, पेज की मोनेटाइजेशन सेटिंग्स में बदलाव कर विज्ञापन से आने वाली पूरी कमाई को हैकर्स ने अपने बैंक खातों में डायवर्ट कर लिया।
रिंकू सिंह का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड है, जहां फोटो और वीडियो पर विज्ञापनों के जरिए अच्छी-खासी आमदनी होती है। अब उसी अकाउंट से अज्ञात लोग पोस्ट डाल रहे हैं और आय का लाभ उठा रहे हैं।
साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबर सेल ने संबंधित आईपी एड्रेस और बदली गई ईमेल आईडी को ट्रैक करना शुरू कर दिया है।
इसके साथ ही फेसबुक (मेटा) से संपर्क कर अकाउंट रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
