जल संरक्षण, पर्यटन विकास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े की सक्रिय पहल से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 10.93 करोड़ रुपए की लागत के महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के पूर्ण होने से जल संरक्षण को मजबूती, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक सुंदरता का संरक्षण और पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे।
सूरजपुर जिले के विकासखंड भैयाथान अंतर्गत बृजेश्वर सागर जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4.94 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी विकासखंड की कुर्रीडीह जलाशय योजना के जीर्णोद्धार हेतु 4.73 करोड़ रुपए तथा विकासखंड ओड़गी स्थित बसनारा जलाशय (तालाब) के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए 1.26 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जल संसाधनों के संरक्षण और विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। पर्यटन के विस्तार से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का समग्र विकास तेज होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार और लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया है।
