Grammy Awards 2026 : लॉस एंजिल्स। 68वें Grammy Awards 2026 में संगीत की दुनिया ने एक ऐतिहासिक शाम देखी। इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स ने पॉप, रॉक, स्पेनिश और आध्यात्मिक संगीत का अनूठा संगम पेश किया। समारोह का सबसे बड़ा क्षण तब आया जब तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को उनके जीवन का पहला ग्रैमी पुरस्कार मिला।
दलाई लामा ने रचा इतिहास
दलाई लामा ने अपनी ऑडियो बुक ‘Meditations: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama’ के लिए बेस्ट ऑडियो बुक, नैरेशन एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग का ग्रैमी जीता। इस श्रेणी में उन्होंने ट्रेवर नूह और केतनजी ब्राउन जैक्सन जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों को पीछे छोड़ा। यह जीत न केवल उनके शांति और आध्यात्मिक संदेश को वैश्विक स्तर पर मान्यता देती है, बल्कि ग्रैमी के इतिहास में एक दुर्लभ क्षण भी है।
बिली ईलिश और लेडी गागा का जलवा
संगीत की दुनिया की सनसनी बिली ईलिश को उनके गाने ‘Wildflower’ के लिए सॉन्ग ऑफ द ईयर का खिताब मिला। वहीं, पॉप क्वीन लेडी गागा ने सात नामांकनों के बाद अपने एल्बम ‘Mayhem’ के लिए बेस्ट पॉप वोकल एल्बम का अवॉर्ड जीता। उनके गाने ‘Abracadabra’ ने भी जूरी और फैंस का दिल जीत लिया।

के-पॉप और स्पेनिश संगीत ने बनाया रिकॉर्ड
इस साल ग्रैमी में भाषाई सीमाओं को तोड़ा गया। बैड बनी के स्पेनिश एल्बम ‘Débi Tirar Mas Fotos’ को एल्बम ऑफ द ईयर चुना गया। के-पॉप का दबदबा तब देखा गया जब ‘K-Pop Demon Hunters’ के गाने ‘Golden’ ने बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया का पुरस्कार जीतकर ग्रैमी के इतिहास में पहली बार किसी के-पॉप एक्ट को मान्यता दी।
स्टीवन स्पीलबर्ग और उभरते कलाकार
सिनेमा के जादूगर स्टीवन स्पीलबर्ग को उनके प्रोजेक्ट ‘Music for John Williams’ के लिए बेस्ट म्यूजिक फिल्म का ग्रैमी मिला। ब्रिटिश गायिका ओलिविया डीन को बेस्ट न्यू आर्टिस्ट का पुरस्कार मिला, जो उनके उभरते करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। केंड्रिक लैमर और एसजेडए का गाना ‘Luther’ रिकॉर्ड ऑफ द ईयर बना, जिसने आरएंडबी और हिप-हॉप प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
