कुल 1,48,418 किसानों से 10 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी
प्रदेश में सर्वाधिक खरीदी महासमुंद जिले में
महासमुंद, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी का कार्य अंतिम दिन तक पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में सतत निगरानी, नियमित निरीक्षण और समन्वय के साथ खरीदी कार्य संचालित किया गया।
31 जनवरी की स्थिति में जिले के 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1,48,418 किसानों से कुल 10,00,187 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इसमें 8,17,029 मीट्रिक टन मोटा धान, 32,800 मीट्रिक टन पतला धान तथा 1,83,125 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है।
अब तक कुल 5,18,507 मीट्रिक टन धान के लिए डी.ओ. जारी किया जा चुका है। इसके विरुद्ध जिले में संचालित 333 मिलों के माध्यम से 2,97,449 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।
