IND vs NZ 2nd T20I: रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को 7 विकेट से शिकस्त दी। 209 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को भारत ने महज 15.2 ओवर में हासिल कर लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई शुरुआत
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सात गेंदों के भीतर ही भारत ने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। संजू सैमसन 6 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का धमाका
शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोला। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं लंबे समय बाद रंग में नजर आए सूर्यकुमार यादव ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए रनगति को बनाए रखा। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

भारत ने 15.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और 28 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।
न्यूजीलैंड की पारी
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए। कीवी टीम को डेवोन कॉनवे और टिम सीफर्ट ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर से रोके रखा।
कप्तान मिचेल सैंटनर न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक 46 रन बनाने में सफल रहे, जबकि रचिन रविंद्र ने 44 रन की अहम पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके।
सीरीज में भारत की बढ़त
इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी और सूर्यकुमार यादव की फॉर्म में वापसी टीम इंडिया के लिए आने वाले मुकाबलों से पहले बेहद सकारात्मक संकेत है।
