बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में हुए हादसे पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए विस्फोट में श्रमिकों के असामयिक निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए उन्होंने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
मंत्री ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए सिम्स, बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को त्वरित और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस संबंध में बलौदाबाजार कलेक्टर से चर्चा कर पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
