स्पेन के दक्षिणी क्षेत्र अंडालूसिया में रविवार शाम हुए एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्पेन के रेल नेटवर्क ऑपरेटर एडीआईएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि मलागा से मैड्रिड जा रही एक ट्रेन कॉर्डोबा प्रांत के आदमूज इलाके के पास पटरी से उतर गई। यह ट्रेन दूसरी पटरी पर चली गई और सामने से आ रही ट्रेन से टकरा गई, जिससे दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई।
30 यात्री गंभीर हालत में
पुलिस प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, अंडालूसिया के आपातकालीन मामलों के प्रमुख एंटोनियो सैन्ज़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कम से कम 73 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा कि करीब 30 घायलों की हालत गंभीर है और सभी को सुरक्षित रूप से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि हादसा पटरी के एक सीधे और समतल हिस्से पर हुआ, जिसकी हाल ही में मरम्मत और नवीनीकरण किया गया था। यही वजह है कि यह दुर्घटना बेहद असामान्य मानी जा रही है।
हादसे की जांच जारी
मंत्री ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पटरी से उतरने वाली ट्रेन निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की थी, जबकि दूसरी ट्रेन स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) की थी। इर्यो ने बयान जारी कर हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि वह स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है।
इर्यो के अनुसार, मलागा-मैड्रिड सेवा में करीब 300 यात्री सवार थे। कोर्डोबा के अग्निशमन प्रमुख फ्रांसिस्को कारमोना ने बताया कि एक ट्रेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं
स्पेन के प्रधानमंत्री ने इसे “बेहद दर्दनाक और कठिन रात” करार दिया। वहीं, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया और कहा, “कॉर्डोबा से आ रही भयावह खबरों पर मेरी नजर है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
