IND vs USA, U19 World Cup: बुलावेयो। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए अमेरिका को 6 विकेट से शिकस्त दी। क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया यह मुकाबला बारिश से प्रभावित रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के सामने अमेरिका टिक नहीं सका।
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। हेनिल पटेल की घातक गेंदबाजी की बदौलत अमेरिकी टीम महज 107 रन पर सिमट गई। हेनिल पटेल ने अपनी शानदार स्पेल में 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अमेरिका की ओर से नितीश सुदिनी ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। भारत की तरफ से बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया।
बारिश से प्रभावित रहा रन चेज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 2 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा। जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो ओवर घटाए गए और भारत को 96 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

अभिज्ञान कुंडू की दमदार पारी
कप्तान आयुश महात्रे और वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन त्रिवेदी (2) जल्दी आउट हो गए। टीम का स्कोर 25 रन था, जब कप्तान महात्रे (19) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंडू ने पारी को संभालते हुए अहम 45 रन की साझेदारी की।
टीम का स्कोर 70 रन पर पहुंचा, जहां मल्होत्रा (18) आउट हो गए। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू (42 रन) ने कनिष्क चौहान (10 रन) के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। कुंडू ने शानदार छक्के के साथ भारत को जीत दिलाई और मैच का रोमांचक अंत किया।
जीत के साथ भारत का आत्मविश्वास बढ़ा
इस जीत के साथ भारतीय अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए हैं। गेंदबाजी में हेनिल पटेल और बल्लेबाजी में अभिज्ञान कुंडू का प्रदर्शन भारत के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। टीम अब अगले मुकाबलों में इसी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
