धमतरी, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा रत्न सम्मान समारोह में धमतरी जिले के खरतुली स्थित युवा स्टार सेवा समिति और लोककला क्षेत्र की उभरती गायिका आरू साहू को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से नवाजा गया। यह समारोह खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा नवीन विश्राम भवन, रायपुर में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ युवाओं और एक संगठन को सम्मानित किया।
धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति को स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और जल स्रोतों के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। समिति को 5 लाख रुपये का प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरू साहू को एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। आरू साहू छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, विशेष रूप से छठ पूजा गीतों के माध्यम से यूट्यूब और फेसबुक पर व्यापक लोकप्रियता हासिल कर चुकी हैं और अपनी कला के जरिए राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पहली बार राज्य में व्यक्तिगत क्षमता और समाज सेवा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने के लिए युवा रत्न सम्मान की शुरुआत की गई है।
इस अवसर पर बेमेतरा के युवा वैज्ञानिक पीयूष जायसवाल, कांकेर की शिल्पा साहू, सरगुजा के अमित यादव, महासमुंद की मृणाल विदानी, दुर्ग की परिधि शर्मा, बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, कवर्धा के सचिन कुनहरे सहित अन्य प्रतिभाशाली युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी सम्मानित युवाओं, युवा स्टार सेवा समिति और आरू साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
