रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने बालिकाओं की शिक्षा को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजपुर कला, विकासखंड लखनपुर, जिला सरगुजा की छात्राओं के लिए अपने स्वेच्छानुदान मद से पांच कंप्यूटर प्रदान किए हैं।
राज्यपाल डेका ने हाल ही में सरगुजा जिले के प्रवास के दौरान उक्त आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यालय में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी थी।
स्वीकृति के फलस्वरूप आज राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में राज्यपाल के करकमलों से विद्यालय को पांच कंप्यूटर प्रदान किए गए। इन कंप्यूटरों के माध्यम से छात्राओं की पढ़ाई में गुणात्मक सुधार आएगा तथा वे डिजिटल शिक्षा से अधिक प्रभावी रूप से जुड़ सकेंगी।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
