मुंबई। कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) और उनके पति हर्ष लिंबाचिया (Haarsh Limbachiyaa) के घर साल 2025 के अंत में खुशियों ने दस्तक दी है। 19 दिसंबर की सुबह भारती ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया, जिसे परिवार प्यार से ‘काजू’ बुला रहा है। अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटने पर नन्हे मेहमान का भव्य स्वागत किया गया।
इसी बीच हर्ष लिंबाचिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर छोटे बेटे काजू के साथ एक खूबसूरत फैमिली फोटो शेयर की है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में भारती सिंह, हर्ष लिंबाचिया और बड़ा बेटा गोला, नन्हे काजू को प्यार भरी नजरों से निहारते हुए नजर आ रहे हैं। यह फोटो परिवार के बीच गहरे प्रेम और अपनापन को बखूबी दर्शा रही है।
हालांकि खुशियों के बीच भारती सिंह ने हाल ही में अपने एक व्लॉग में पोस्टपार्टम इफेक्ट को लेकर अपनी भावनाएं भी साझा की हैं। वीडियो में भारती भावुक नजर आईं और बताया कि वह बिना किसी खास वजह के बार-बार रोने लगती हैं। उन्होंने कहा कि घर में सब कुछ ठीक है—काम, सुविधाएं और खुशियां—इसके बावजूद वह खुद को संभाल नहीं पा रही हैं।
भारती ने रोते हुए कहा कि भगवान ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, फिर भी यह पोस्टपार्टम इमोशनल फेज उन्हें समझ नहीं आ रहा। इस दौरान हर्ष लिंबाचिया हर पल उनके साथ मजबूती से खड़े नजर आए। भारती को संभालते और उनका हौसला बढ़ाते हर्ष को देखकर फैंस भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
फैंस लगातार कमेंट कर भारती और हर्ष को बधाइयां दे रहे हैं और छोटे काजू के लिए ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेज रहे हैं।
