इनडोर स्टेडियम में 600 से अधिक युवाओं को मिल रहा शारीरिक एवं मेडिकल प्रशिक्षण
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए जिले के युवाओं को बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से इनडोर स्टेडियम, धमतरी में अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आगामी 10 जनवरी 2026 से आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया है।
इस प्रशिक्षण शिविर में धमतरी जिले के लगभग 600 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें वे युवक भी शामिल हैं जिन्होंने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, साथ ही वे अभ्यर्थी भी जो भविष्य में सेना भर्ती की तैयारी करना चाहते हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह प्रशिक्षण निशुल्क फिजिकल एवं मेडिकल मार्गदर्शन के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है।
एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी श्री पीयूष तिवारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर एवं ट्रेड्समैन पदों से संबंधित शारीरिक दक्षता, मेडिकल परीक्षण एवं भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
शिविर में अभ्यर्थियों को दौड़, शारीरिक दक्षता अभ्यास, ऊँचाई-छाती माप, पुशअप, सिटअप सहित भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से जिले के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है और वे सेना में शामिल होने के लक्ष्य के साथ पूरी लगन से तैयारी कर रहे हैं।
