Yashasvi Jaiswal Hospitalised: मुंबई। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग मुकाबले के दौरान मुंबई की टीम के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें पेट में तेज़ ऐंठन की शिकायत होने पर आदित्य बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।

यशस्वी पिछले कुछ दिनों से लगातार मैच खेल रहे थे। हाल ही में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में अपना पहला शतक जड़ा था और इसके बाद मुंबई की टीम के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिस्सा लिया। मैच के दौरान उनकी पेट की ऐंठन और बढ़ गई, जिसके कारण उनका अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें आराम करने की हिदायत दी गई है।

हरियाणा के खिलाफ जड़ा शतक
यशस्वी ने हरियाणा के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए 50 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 1 छक्का शामिल था। उन्होंने 23 गेंदों में अर्धशतक और 48 गेंदों में शतक लगाया। इस प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय टी20 टीम में ओपनिंग के लिए अपना दावा मजबूत करने में मदद की।

टी20 टीम में जगह न मिलने की वजह
भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के ओपनिंग करने के कारण यशस्वी को टीम में जगह नहीं मिली। उनके हालिया शतक ने गिल के लिए चुनौती बढ़ा दी है। अब तक यशस्वी ने 23 टी20 मैचों की 22 पारियों में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 723 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 164.32 है।
