Chhattisgarh Assembly winter session : नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चार दिनों का होगा और पहली बार नवा रायपुर के भव्य नए विधानसभा भवन में गूंजेगा। सत्र के पहले दिन 14 दिसंबर को “छत्तीसगढ़ विजन@2047” पर विशेष चर्चा होगी, जबकि बाकी तीन दिनों में प्रश्नकाल और मुद्दों पर तीखी बहस होगी। इस बार साय मंत्रिमंडल को न सिर्फ कांग्रेस विधायक, बल्कि सत्तारूढ़ बीजेपी के अपने विधायक भी घेरने की तैयारी में हैं।
CG Assembly winter session: विधायकों ने इस सत्र के लिए कुल 628 सवाल दर्ज कराए हैं, 604 ऑनलाइन और 24 ऑफलाइन। कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, धान खरीदी में धांधली, सड़कों की बदहाली, राशन वितरण में गड़बड़ी जैसे ज्वलंत मुद्दे सदन को गरमा देंगे। 9 दिसंबर सुबह 8 बजे तक ही ध्यानाकर्षण, स्थगन और नियम 267-क की सूचनाएं ली जाएंगी। एक विधायक एक दिन में अधिकतम दो ध्यानाकर्षण और एक स्थगन नोटिस ही दे सकेगा।
CG Assembly winter session: नए भवन में कार्यवाही की पूरी तैयारी हो चुकी है। पुराने भवन से फाइलें-फर्नीचर की शिफ्टिंग अंतिम चरण में है। पिछला सत्र 18 नवंबर को पुराने भवन में शुरू हुआ था, जिसे अब नए भवन में आगे बढ़ाया जा रहा है। साय सरकार के लिए यह नए भवन का पहला पूर्ण सत्र है, जहां सत्ता पक्ष के भीतर और विपक्ष से दोहरी आग का सामना करना पड़ सकता है। नए भवन की भव्यता के साथ ही सदन में मुद्दों की तपिश भी रिकॉर्ड बनाने वाली है।
