मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
रायपुर संभाग आयुक्त श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्टर श्री बी.एस. उईके के साथ राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची अद्यतन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की बारीकी से जांच की।
आयुक्त कावरे ने राजिम तहसील कार्यालय, कोपरा, कोमा, बारूका, तहसील गरियाबंद और नगर पालिका गरियाबंद स्थित मतदान केंद्रों में पहुँचे अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गणना पत्रक में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी सही, सटीक और पूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वास्तविक मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के सुधार और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को शामिल करने के लिए ग्रामीणों के साथ सक्रिय संपर्क और संवाद अनिवार्य है। आयुक्त ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची अद्यतन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि सूची की शुद्धता आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को दैनिक लक्ष्य तय कर समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम राजिम श्री विशाल महाराणा, गरियाबंद तहसीलदार श्री चितेश देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
