ICC Womens ODI World Cup: ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड की कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सोफी डिवाइन ने अपने लंबे 19 साल के वनडे करियर का आखिरी मैच खेला। लीग स्टेज के अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के बाद मैदान छोड़ते समय सोफी भावुक नजर आईं, क्योंकि यह उनके करियर का अंतिम वनडे मैच था।
सोफी डिवाइन ने मैच के बाद कहा, “मैं चाहती थी कि अपने करियर का अंत जीत के साथ करूं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मैंने जितना सोचा था, उतना रोई नहीं। रिटायरमेंट की घोषणा का सबसे अच्छा पहलू यही था कि मैंने अपनी भावनाओं को समझा और मैच का आनंद लिया। आज मुझे अपने 19 साल पुराने सफर को याद करने और उस पर गर्व महसूस करने का मौका मिला।”

न्यूजीलैंड टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 168 रन बनाए, जिसे इंग्लैंड ने 29.2 ओवर्स में आसानी से हासिल कर लिया। मैच के अंत में इंग्लैंड की खिलाड़ियों ने सोफी डिवाइन को उनके शानदार करियर के लिए गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
सोफी ने अपने वनडे करियर में कुल 159 मैच खेले। उन्होंने 32.66 की औसत से 4279 रन बनाए, जिसमें 9 शतक और 18 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा; उन्होंने 36.28 की औसत से 111 विकेट लिए। दोनों ही क्षेत्रों में उनके योगदान ने न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट को कई यादगार पल दिए और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।
सोफी डिवाइन की विदाई ना केवल न्यूजीलैंड टीम के लिए, बल्कि पूरी महिला क्रिकेट जगत के लिए एक भावुक क्षण रहा। उनका करियर अनुभव, कौशल और नेतृत्व का आदर्श रहा और उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
