रायपुर, 25 सितम्बर 2025 : छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में आयोजित अंतर्राज्यीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम में असम से आए कलाकारों ने नृत्य-नाटिका भाओना ‘सीता पाताल गमन’ की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि इस भाओना के माध्यम से असम की संस्कृति और भावना का सशक्त प्रदर्शन हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस नाटिका को लगभग 500 वर्ष पूर्व श्रीमंत शंकर देव ने लिखा था।

राज्यपाल ने कहा कि असम और छत्तीसगढ़ दोनों में रामायण कालीन संस्कृति की छाप स्पष्ट दिखाई देती है और दोनों राज्यों की सांस्कृतिक परंपराएं काफी हद तक मिलती-जुलती हैं। श्री डेका ने हाल ही में आकस्मिक निधन हो चुके असम के प्रसिद्ध गायक श्री जुबीन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सभी कलाकारों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री रिकेश सेन, राज्यपाल के सचिव डॉ. आर. प्रसन्ना, संस्कृति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। कलाकारों की प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति की विविधता और उसकी गहराई दर्शकों के सामने प्रस्तुत की।